झालरौंदा में 400 एकड़ शासकीय ज़मीन के फर्जीवाड़े का आरोप, पटवारी-तहसीलदार की भूमिका पर उठे सवाल, देखिए खास खबर.…

पूर्व जिला पंचायत सदस्य ने कलेक्टर को सौंपा शिकायत पत्र, फर्जी किसानों के नाम पर जमीन दर्ज कर धान खरीदी और बोनस में करोड़ों के गड़बड़ी की आशंका
संवाद समृद्धि पथ शक्ति:- जिले की भोथिया तहसील के ग्राम झालरौंदा में लगभग 400 एकड़ शासकीय जमीन के कथित फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। ग्राम झालरौंदा के पूर्व जिला पंचायत सदस्य रमेश चंद्रा ने इस संबंध में जिला कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपकर राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि ग्राम झालरौंदा में पदस्थ रहे पटवारी विशेश्वर सिंह सिदार ने अपने कार्यकाल के दौरान करीब 400 एकड़ शासकीय भूमि को कथित रूप से फर्जी किसानों के नाम पर दर्ज कर दिया। आरोप है कि प्रति एकड़ 50 हजार रुपये तक के लेन-देन के आधार पर फर्जी पर्चियां तैयार की गईं। इन पर्चियों के माध्यम से सेवा सहकारी समिति में धान की बिक्री कराई गई तथा करोड़ों रुपये के बोनस का लाभ उठाया गया। इतना ही नहीं, संबंधित जमीन के आधार पर बैंकों से ऋण लेने की भी आशंका जताई गई है।

एक ही परिवार के कई सदस्यों के नाम पर जमीन दर्ज होने का आरोप
पूर्व जिला पंचायत सदस्य रमेश चंद्रा ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि इस कथित जमीन फर्जीवाड़े में कुछ लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका है। शिकायत के अनुसार, दीपक चौहान ने अपने परिवार के अलग-अलग सदस्यों के नाम पर 30 एकड़ से अधिक शासकीय जमीन दर्ज कराई है।
शिकायत में जिन लोगों के नाम और भूमि का विवरण दिया गया है, वह इस प्रकार है—
- अनिता चौहान, पति दुजराम — 0.83 हेक्टेयर।
- दीपक कुमार चौहान, पिता राजाराम — 3.905 हेक्टेयर।
- दीपिका चौहान, पति दीपक चौहान — 1.368 हेक्टेयर।
- दुजराम चौहान — 1.444 हेक्टेयर।
- विमला बाई, पति राजाराम चौहान — 4.507 हेक्टेयर।
- राजू प्रसाद चौहान, पिता बुधराम — 5.574 हेक्टेयर।
शिकायतकर्ता ने एक अन्य प्रतिष्ठित एवं रसूखदार व्यक्ति के नाम पर भी शासकीय जमीन दर्ज किए जाने का आरोप लगाया है। शिकायत के मुताबिक, संबंधित व्यक्ति के नाम पिछले वर्ष 3.108 हेक्टेयर भूमि दर्ज थी, जो इस वर्ष बढ़कर 6.271 हेक्टेयर हो गई है।
आरोप है कि संबंधित व्यक्ति झालरौंदा गांव से लगभग 35 किलोमीटर दूर निवास करता है, इसके बावजूद उसके नाम पर गांव की जमीन दर्ज की गई। शिकायत में खसरा नंबर 869/1 में 1.0240 हेक्टेयर, 933/4 में 0.4010 हेक्टेयर, 559/6 में 0.6070 हेक्टेयर तथा 559/17 में 0.6070 हेक्टेयर भूमि दर्ज कराने का उल्लेख किया गया है। इन चारों खसरों का कुल रकबा 2.6390 हेक्टेयर है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि यह जमीन पटवारी और तहसीलदार की मिलीभगत से दर्ज कराई गई।
कई गांवों में भी गड़बड़ी की आशंका
शिकायतकर्ता का दावा है कि कथित जमीन फर्जीवाड़ा केवल ग्राम झालरौंदा तक सीमित नहीं है। पटवारी के प्रभार वाले अन्य गांवों बर्रा, बिछिया, आमापाली, हरदी और भोथिया में भी इसी तरह की अनियमितताएं होने की आशंका जताई गई है।
रमेश चंद्रा ने शिकायत में बताया है कि पिछले वर्ष संदिग्ध किसानों को बोनस के रूप में लगभग 60 लाख रुपये से अधिक की राशि का भुगतान किए जाने की आशंका है। वहीं, चालू वर्ष में यह राशि 60 लाख से लेकर एक करोड़ रुपये तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।
उनका कहना है कि यदि पूरे राजस्व रिकॉर्ड, खसरा-पंचशाला, भूमि स्वामित्व और धान खरीदी से जुड़े दस्तावेजों की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आ सकते हैं।
पिछले वर्ष 60 लाख से अधिक बोनस भुगतान का दावा
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच पूरी होने तक संदिग्ध किसानों की धान खरीदी और किसान उन्नति योजना की राशि के भुगतान पर नियमानुसार रोक लगाने की कार्रवाई की जाए, ताकि सरकारी धन के संभावित दुरुपयोग को रोका जा सके।
कलेक्टर से की गई प्रमुख मांगें
शिकायतकर्ता ने जिला कलेक्टर से निम्नलिखित मांगें की हैं—
- पिछले वर्ष संदिग्ध किसानों को भुगतान किए गए बोनस की जांच कराकर नियमानुसार राशि की वसूली की जाए।
- चालू वर्ष में संदिग्ध किसानों की धान खरीदी और किसान उन्नति योजना की राशि के भुगतान पर जांच पूरी होने तक नियमानुसार रोक लगाई जाए।
- पूरे मामले की जांच किसी वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अथवा उच्चस्तरीय जांच दल से कराई जाए।
- जांच में दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाए।
- सभी संबंधित गांवों के राजस्व रिकॉर्ड, खसरा, भूमि स्वामित्व और धान खरीदी के दस्तावेजों की जांच कराई जाए।
- जांच के दौरान किसी भी निर्दोष एवं वास्तविक किसान को धान बेचने में परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
जान-माल के खतरे की भी जताई आशंका
शिकायत पत्र में रमेश चंद्रा ने अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता जाहिर की है। उनका कहना है कि उन्होंने करोड़ों रुपये के सरकारी नुकसान से जुड़े कथित मामले को उजागर किया है, जिसके चलते उन्हें जान-माल का खतरा महसूस हो रहा है। उन्होंने शिकायत में उल्लेख किया है कि भविष्य में उनके साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसके लिए संबंधित लोगों को जिम्मेदार माना जाए।
अब प्रशासन की जांच पर टिकी निगाहें
ग्राम झालरौंदा में शासकीय भूमि के कथित फर्जी नामांतरण, धान खरीदी और बोनस भुगतान से जुड़े इस मामले ने राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और संबंधित अधिकारियों एवं व्यक्तियों का पक्ष सामने आना अभी बाकी है। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हुए जांच कराता है और सरकारी जमीन से जुड़े रिकॉर्ड की वास्तविक स्थिति सामने लाने के लिए क्या कदम उठाता है।


