संविधान दिवस पर शासकीय नवीन महाविद्यालय पेंड्रावन में शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित, देखिए खास खबर…

संवाद समृद्धि पथ दुर्ग धमधा :- शासकीय नवीन महाविद्यालय पेंड्रावन, दुर्ग में 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस के अवसर पर संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा संवैधानिक मूल्यों के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ (राजनीति विज्ञान विभाग )के कार्यक्रम प्रभारी श्री संजय कुमार द्वारा भारतीय संविधान की प्रस्तावना के वाचन के साथ किया गया। उन्होंने संविधान दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संविधान देश के लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। इसके पश्चात उपस्थित सभी प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई गई।
इस दौरान सभी ने भारत को संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष एवं लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाए रखने के साथ ही देश की एकता, अखंडता और बंधुता को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प लिया।
महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य सुश्री दामिनी कावड़े ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारतीय संविधान हमें समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व जैसे महत्वपूर्ण आदर्शों की शिक्षा देता है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह संविधान में प्रदत्त मौलिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ-साथ अपने मौलिक कर्तव्यों का भी पूरी निष्ठा से पालन करे।
उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी को संविधान के मूल्यों और आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। एक जिम्मेदार, जागरूक एवं कर्तव्यनिष्ठ नागरिक बनकर ही राष्ट्र निर्माण में सार्थक योगदान दिया जा सकता है।

कार्यक्रम के अंत में कार्यक्रम प्रभारी ने प्राचार्य, समस्त प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी के सहयोग एवं सहभागिता के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा राष्ट्रगीत के सामूहिक गायन के साथ कार्यक्रम का गरिमामय समापन हुआ।
इस प्रकार संविधान दिवस पर आयोजित शपथ ग्रहण कार्यक्रम उत्साह, अनुशासन एवं गरिमामय वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

