Chhattisgarh

संविधान दिवस पर शासकीय नवीन महाविद्यालय पेंड्रावन में शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित, देखिए खास खबर…

प्रस्तावना का वाचन कर प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने लिया संविधान के मूल्यों और राष्ट्र की एकता-अखंडता बनाए रखने का संकल्प

संवाद समृद्धि पथ दुर्ग धमधा :- शासकीय नवीन महाविद्यालय पेंड्रावन, दुर्ग में 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस के अवसर पर संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा संवैधानिक मूल्यों के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम का शुभारंभ राजनीति विज्ञान विभाग के कार्यक्रम प्रभारी श्री संजय कुमार द्वारा भारतीय संविधान की प्रस्तावना के वाचन के साथ किया गया। उन्होंने संविधान दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संविधान देश के लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। इसके पश्चात उपस्थित सभी प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई गई।

महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य सुश्री दामिनी कावड़े ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारतीय संविधान हमें समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व जैसे महत्वपूर्ण आदर्शों की शिक्षा देता है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह संविधान में प्रदत्त मौलिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ-साथ अपने मौलिक कर्तव्यों का भी पूरी निष्ठा से पालन करे।

उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी को संविधान के मूल्यों और आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। एक जिम्मेदार, जागरूक एवं कर्तव्यनिष्ठ नागरिक बनकर ही राष्ट्र निर्माण में सार्थक योगदान दिया जा सकता है।

इस प्रकार संविधान दिवस पर आयोजित शपथ ग्रहण कार्यक्रम उत्साह, अनुशासन एवं गरिमामय वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button