सक्षम दिव्यांग आवासीय विद्यालय राजिम में दृष्टिबाधित बच्चों को लैपटॉप एवं मोबाइल का वितरण, देखिए खास खबर…


संवाद समृद्धि पथ गरियाबंद
गरियाबंद:-प्रोजेक्ट स्प्रिंगबोर्ड के तहत डिजिटल शिक्षा और तकनीकी सशक्तिकरण की दिशा में सराहनीय पहल सक्षम दिव्यांग आवासीय विद्यालय राजिम में दिनांक 19 नवंबर 2026 को विजन एड रिसोर्स सेंटर के प्रोजेक्ट स्प्रिंगबोर्ड के अंतर्गत विद्यालय के दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को शिक्षण सहायक उपकरण के रूप में लैपटॉप एवं मोबाइल का वितरण किया गया। यह कार्यक्रम प्रेरक संस्था प्रमुख आर जी सिन्हा के मार्गदर्शन में किया गया इस पहल का उद्देश्य दृष्टिबाधित बच्चों को आधुनिक तकनीक एवं डिजिटल शिक्षण संसाधनों से जोड़कर उनकी शिक्षा, कौशल विकास तथा आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है।कार्यक्रम में विजन एड रिसोर्स सेंटर के प्रोग्राम मैनेजर भूपेंद्र क्षत्रिय विशेष रूप से उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि के रूप में भागवताचार्य डीकेश्वर शर्मा, पूर्व सरपंच सोहन वर्मा एवं इलेक्ट्रिशियन रघु सोनवानी की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों के करकमलों से विद्यार्थियों को लैपटॉप एवं मोबाइल प्रदान किए गए।कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं स्वागत गीत से हुआ।

विद्यालय के बच्चों द्वारा अतिथियों का बुके, चंदन एवं गुलाल से आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम में बच्चों की प्रस्तुतियों एवं उत्साहपूर्ण सहभागिता ने वातावरण को भावपूर्ण बना दिया।इस अवसर पर अतिथियों ने अपने उद्बोधन में तकनीक को दिव्यांग बच्चों की शिक्षा एवं जीवन में अवसरों का सशक्त माध्यम बताते हुए इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि उचित संसाधन एवं मार्गदर्शन मिलने पर दृष्टिबाधित विद्यार्थी भी ज्ञान, कौशल और आत्मविश्वास के साथ जीवन में नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बच्चों को उपलब्ध उपकरणों का सदुपयोग कर निरंतर सीखने एवं आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की प्रधान पाठक उमेश्वरी साहू द्वारा सुव्यवस्थित एवं आत्मीय ढंग से किया गया। उन्होंने विजन- एड की इस सहयोगात्मक पहल के लिए संस्था के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे संसाधन दृष्टिबाधित बच्चों के लिए शिक्षा के नए द्वार खोलते हैं और उन्हें तकनीक के माध्यम से स्वतंत्र रूप से सीखने, आगे बढ़ने तथा आत्मविश्वास विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं।कार्यक्रम में विद्यालय के विशेष शिक्षक महावीर प्रसाद सेन, संजय शुक्ला, भरत पटेल, कुसुम साहू एवं टिकेश्वर सेन सहित समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे। विजन- एड की यह पहल केवल उपकरण वितरण तक सीमित नहीं, बल्कि दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को डिजिटल दुनिया से जोड़कर शिक्षा, स्वावलंबन और सम्मानपूर्ण जीवन की दिशा में आगे बढ़ाने का सार्थक प्रयास है। विद्यालय परिवार ने इस सहयोग के लिए विजन- एड का हृदय से आभार व्यक्त किया।


