जनपद पंचायत मुंगेली में कथित अनियमितताओं का आरोप, सेवानिवृत्त कर्मचारियों की भूमिका और ऑडिट के नाम पर अवैध वसूली की शिकायत, देखिए खास खबर…..

ग्राम पंचायतों के सरपंचों ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी को सौंपा ज्ञापन, निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग
संवाद समृद्धि पथ/ सुरेश सिंह पाटले जिला ब्यूरो चीफ
मुंगेली/ जनपद पंचायत मुंगेली में कथित प्रशासनिक अनियमितताओं, शासकीय गोपनीय दस्तावेजों के दुरुपयोग और ग्राम पंचायतों से ऑडिट के नाम पर अवैध राशि वसूली किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में ग्राम पंचायतों के सरपंचों ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत मुंगेली को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की जांच कराने और अनियमितताओं पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि जनपद पंचायत मुंगेली में कुछ सेवानिवृत्त हो चुके कर्मचारियों को दोबारा सेवा में रखकर उन्हें वेतन एवं मानदेय में वृद्धि का लाभ दिया जा रहा है। इतना ही नहीं, इन कर्मचारियों को महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील कार्यालयीन दस्तावेजों की जिम्मेदारी भी सौंपी जा रही है। इससे शासकीय गोपनीयता प्रभावित होने के साथ ही कार्यालय के आवश्यक दस्तावेजों के गायब होने की आशंका जताई गई है।

सेवानिवृत्त कर्मचारियों पर पंचायतों से राशि वसूली का आरोप
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि कुछ सेवानिवृत्त कर्मचारियों द्वारा कार्यालयीन दस्तावेज उपलब्ध कराने के नाम पर ग्राम पंचायतों के सरपंचों से कथित तौर पर अवैध रूप से राशि की वसूली की जा रही है। सरपंचों का कहना है कि इस तरह की गतिविधियों से पंचायतों के कामकाज पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है और जनप्रतिनिधियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ऑडिट के नाम पर 20 से 30 हजार रुपये वसूली का आरोप

ज्ञापन में दूसरा गंभीर मुद्दा विभागीय ऑडिट से जुड़ा है। इसमें करारोपण अधिकारी कमलेश कुमार मिश्रा पर आरोप लगाया गया है कि उनके द्वारा ग्राम पंचायतों का ऑडिट कार्य संपादित किया जा रहा है। आरोप है कि ऑडिट प्रक्रिया पूरी कराने के एवज में प्रत्येक ग्राम पंचायत के सरपंचों से 20 हजार से 30 हजार रुपये तक की राशि ‘ऑडिट शुल्क’ के नाम पर मांगी जाती है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि कथित रूप से राशि नहीं देने वाले सरपंचों को मानसिक एवं प्रशासनिक रूप से परेशान किया जाता है।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी से कार्रवाई की मांग
ग्राम पंचायतों के सरपंचों ने इस पूरे मामले को गंभीर बताते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी से मांग की है कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को दी गई कथित वेतन एवं मानदेय वृद्धि की तत्काल समीक्षा कर निरस्त किया जाए। साथ ही कार्यालयीन दस्तावेजों की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए उनकी सुरक्षा और गोपनीयता बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
इसके अलावा करारोपण अधिकारी कमलेश कुमार मिश्रा की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा ऑडिट के नाम पर कथित अवैध वसूली के मामले में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक एवं कानूनी कार्रवाई की मांग किए है।
अब देखना होगा कि ग्राम पंचायतों के सरपंचों द्वारा लगाए गए इन गंभीर आरोपों पर जनपद पंचायत प्रशासन क्या कदम उठाता है और जांच के बाद इस पूरे मामले में क्या तथ्य सामने आते हैं। इस पुरे विषय की अधिक जानकारी लेने के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी के फोन नंबर से संपर्क किया गया मगर फोन नहीं उठाया गया।


