वर्षांत से पहले लंबित अपराध, मर्ग और गुम इंसान के मामलों के निराकरण पर जोर, नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई के निर्देश, देखिए खास खबर…


संवाद समृद्धि पथ गरियाबंद
गरियाबंद:-पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने शनिवार को जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों और रक्षित निरीक्षक की अपराध समीक्षा बैठक (क्राइम मीटिंग) ली। बैठक में वर्षांत को देखते हुए लंबित अपराधों, मर्ग और गुम इंसान के मामलों की समीक्षा करते हुए शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए गए।बैठक में पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को CRA (क्राइम रिव्यू एप्लीकेशन) पोर्टल का अधिक से अधिक उपयोग कर लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने कहा। उन्होंने पुराने मामलों के निराकरण में तेजी लाने तथा विवेचना की गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए थाना क्षेत्रों में अवैध नशे की बिक्री एवं तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं बढ़ते साइबर अपराधों की रोकथाम, त्वरित जांच और आम नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने पर भी विशेष जोर दिया गया।एसपी ने अपराध नियंत्रण के लिए नियमित गश्त, प्रभावी पुलिसिंग और जिले में सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। आमजन की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में सतर्कता एवं सक्रियता बढ़ाने कहा गया।बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कर्ण कुमार उके, उप पुलिस अधीक्षक लितेश सिंह, रक्षित निरीक्षक सनत ठाकुर सहित जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी, शाखा प्रभारी तथा यातायात प्रभारी उपस्थित रहे।

