Chhattisgarh

बाल विवाह के खिलाफ विद्यार्थियों ने बुलंद की आवाज, चित्रकला, निबंध और नारों से दिया जागरूकता का संदेश दशरंगपुर के उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत आयोजित हुई प्रतियोगिताएं,देखिए खास खबर…

मुंगेली /बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने और बच्चों में इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत ग्राम पंचायत दशरंगपुर स्थित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में चित्रकला, निबंध लेखन एवं स्लोगन लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन नेटवर्क के पार्टनर कृषक सहयोग संस्थान द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से बाल विवाह के विरुद्ध आवाज बुलंद की। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने चित्रों, निबंधों और प्रभावशाली नारों के माध्यम से बाल विवाह के दुष्परिणामों को उजागर किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रोत्साहित किया गया।कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य श्री बंजारे ने विद्यार्थियों को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति से दूर रहने तथा अपनी पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से बालिकाओं की शिक्षा और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए कम उम्र में विवाह जैसी कुप्रथा को रोकना आवश्यक है। कृषक सहयोग संस्थान के जिला समन्वयक श्री ललित सिन्हा ने विद्यार्थियों को बाल विवाह निषेध कानून की जानकारी देते हुए बताया कि विवाह के लिए लड़की की आयु कम से कम 18 वर्ष और लड़के की आयु कम से कम 21 वर्ष होना अनिवार्य है। बाल विवाह की सूचना आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, ग्राम सरपंच अथवा चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर दी जा सकती है। बाल विवाह कराने या करवाने में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध दो वर्ष तक के कारावास और एक लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है।कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि वे न तो बाल विवाह करेंगे और न ही अपने गांव या आसपास बाल विवाह होने देंगे। साथ ही अपने गांव और जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए जागरूकता फैलाने तथा इस सामाजिक अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता श्री रतन कश्यप एवं श्री सियाराम कश्यप सहित विद्यालय के शिक्षकगण और विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button