श्री दावड़ा विश्वविद्यालय में विधिक सहायता प्रकोष्ठ एवं प्रो बोनो क्लब “विधि मितान” का शुभारंभ*रायपुर। विधिक जागरूकता, देखिए खास खबर..


संवाद समृद्धि पथ :- सामाजिक सहभागिता एवं जमीनी स्तर तक न्याय पहुंचने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में श्री दावड़ा विश्वविद्यालय नवा रायपुर के स्कूल ऑफ लॉ में विधिक सहायता प्रकोष्ठ एवं इसके कार्यालय का उद्घाटन माननीय वरिष्ठ न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), रायपुर के सचिव श्री अविनाश दुबे द्वारा 02 सितंबर 2026 को किया गया।इस अवसर पर प्रो बोनो क्लब “विधि मितान” का भी शुभारंभ किया गया। क्लब का उद्देश्य निःशुल्क विधिक सेवाओं, विधिक साक्षरता एवं जन-जागरूकता को बढ़ावा देना, समाज के गरीब, वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों को विधिक सहायता से जोड़ना तथा विधि के विद्यार्थियों को व्यावहारिक विधिक सहायता कार्यों से जोड़ना है। कार्यक्रम के दौरान विधिक साक्षरता शिविर का भी आयोजन किया गया। श्री अविनाश दुबे ने विद्यार्थियों को निःशुल्क विधिक सहायता एवं न्याय तक समान पहुँच के महत्व से अवगत कराया। इस दौरान उन्होंने साइबर कानून, आईटी अधिनियम, रेलवे अधिनियम, मोटर वाहन अधिनियम, पॉक्सो अधिनियम, एनडीपीएस अधिनियम, बाल विवाह, घरेलू हिंसा एवं महिला यौन उत्पीड़न से संबंधित महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों तथा नालसा एवं सालसा की विभिन्न योजनाओं के बारे में सहजता से बताया। साथ ही नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 के माध्यम से निःशुल्क विधिक सलाह एवं सहायता प्राप्त करने की जानकारी भी दी गई।इस अवसर पर विश्वविद्यालय की माननीय महानिदेशक डॉ. चार्मी दावड़ा ने कहा कि विधिक सहायता प्रकोष्ठ एवं “विधि मितान” विद्यार्थियों को विधिक शिक्षा, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे तथा उन्हें समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने और न्याय की पहुँच को सुदृढ़ करने का अवसर प्रदान करेंगे।विवि के सहायक प्राध्यापक एवं विधि अधिकारी श्री यागवेन्द्र सिंह ने विधिक सहायता प्रकोष्ठ के पीठासीन अधिकारी के रुप में प्रकोष्ठ की विभिन्न गतिविधियों एवं भावी योजनाओं के संबंध में जानकारी दी। यह पहल विश्वविद्यालय के मुख्य कार्यकारी अधिकारी माननीय श्री चिन्मय दावड़ा के मार्गदर्शन एवं दूरदर्शी नेतृत्व में विधिक शिक्षा को सामाजिक उत्तरदायित्व एवं समुदाय-केंद्रित शिक्षा से जोड़ने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।कार्यक्रम में प्रो वाइस चांसलर डॉ. वरुण गंजीर, रजिस्ट्रार श्री विपिन श्रीवास्तव, डीन अकादमिक डॉ. नितिन जायसवाल, स्कूल ऑफ लॉ की प्रमुख डॉ. श्यामली नायडू, संकाय सदस्य श्री सूरज पांडे एवं सुश्री गुंजन दुग्गड़ सहित स्कूल ऑफ लॉ के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



