Chhattisgarh

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24 वीं किस्त जारी, बेमेतरा में 228 किसानों ने देखा सीधा प्रसारण विधायक दीपेश साहू की उपस्थिति में कृषि विज्ञान केन्द्र में आयोजित हुआ कार्यक्रम , देखिए खास खबर…

बेमेतरा:-प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी होने के अवसर पर आज कृषि विज्ञान केन्द्र, बेमेतरा में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा गुजरात के बनासकांठा से देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में 18,680 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित करने के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किसानों को दिखाया गया।कार्यक्रम के दौरान कृषि अवसंरचना कोष के अंतर्गत विकसित 521 इकाइयों का राष्ट्र को समर्पण एवं 12 हॉर्टिकल्चर क्लस्टर्स के शुभारंभ का सीधा प्रसारण भी किया गया। कृषि विज्ञान केन्द्र एवं कृषि विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बेमेतरा विधायक श्री दीपेश साहू शामिल हुए। इस अवसर पर जनपद सदस्य श्री सुशील टंडन, ग्राम झाल की सरपंच श्रीमती प्रीति कमलेश वर्मा सहित कुल 228 किसानों की सहभागिता रही।विधायक दीपेश साहू ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को आधुनिक बनाने और खेती-किसानी को आर्थिक रूप से सशक्त करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण आर्थिक सहयोग है, जिसके माध्यम से पात्र किसानों को सीधे उनके बैंक खातों में सहायता राशि प्रदान की जाती है। यह राशि किसानों को बीज, खाद, कृषि संबंधी आवश्यकताओं एवं खेती के छोटे-मोटे खर्चों में मददगार साबित होती है।उन्होंने कहा कि देश के अन्नदाता किसानों का सम्मान और उनका आर्थिक सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। किसान समृद्ध होंगे, तभी गांव और देश समृद्ध होंगे। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर किसानों के हित में अनेक योजनाएं संचालित कर रही हैं। किसानों को इन योजनाओं की जानकारी लेकर अधिक से अधिक लाभ उठाना चाहिए। साथ ही आधुनिक कृषि तकनीक, कृषि यंत्रीकरण, फसल विविधीकरण और फसल अवशेष प्रबंधन को अपनाकर खेती को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।विधायक श्री साहू ने कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिकों एवं कृषि विभाग के अधिकारियों से आग्रह किया कि वे गांव-गांव तक पहुंचकर किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत बीजों, प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर उपयोग तथा शासन की योजनाओं के संबंध में जागरूक करें, ताकि किसानों को वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने का लाभ मिल सके।कार्यक्रम के प्रारंभ में कृषि विज्ञान केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. जितेंद्र जोशी ने स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने बेलर मशीन (Baler Machine) के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस मशीन की सहायता से धान की पराली को गट्ठरों में परिवर्तित कर फसल अवशेषों का बेहतर प्रबंधन किया जा सकता है। इससे पराली जलाने की समस्या को कम करने तथा कृषि अवशेषों के उपयोग को बढ़ावा देने में सहायता मिलेगी।सह संचालक कृषि डॉ. श्याम लाल साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि किसानों को मिलने वाली छोटी-सी आर्थिक सहायता भी खेती-किसानी के कार्यों में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान करती है। उन्होंने किसानों से शासन की कृषि हितैषी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।विशिष्ट अतिथि डॉ. ए.के. सिंह, अधिष्ठाता, रवेंद्र सिंह वर्मा कृषि महाविद्यालय, ढोलिया ने किसानों को संबोधित करते हुए कृषि की नवीन तकनीकों को अपनाने तथा केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम में उपस्थित किसानों ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी होने के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा तथा केंद्र सरकार की विभिन्न कृषि एवं किसान कल्याण संबंधी पहलों की जानकारी प्राप्त की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button