एक दीया आशीर्वाद का बेमेतरा में 1.5 लाख दीयों से जगमग होगा विकसित भारत का संकल्प 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान, कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने जिलेवासियों से की सहभागी बनने की अपील ,, देखिए खास खबर…


संवाद समृद्धि पथ बेमेतरा
बेमेतरा / प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व में जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने जा रहे हैं। इस गौरवमयी अवसर को जन-उत्सव के रूप में मनाने तथा वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के प्रधानमंत्री जी के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से पूरे देश के साथ बेमेतरा जिले में भी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक “सेवा संकल्प अभियान” का आयोजन किया जा रहा है।कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने आज जिला कार्यालय में आयोजित बैठक में अभियान की रूपरेखा की जानकारी देते हुए बताया कि सेवा संकल्प अभियान सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित होगा। एक माह तक चलने वाले इस अभियान के दौरान जिले के समस्त नगरीय निकायों एवं ग्राम पंचायतों में स्वच्छता ही सेवा अभियान, रक्तदान शिविर एवं स्वास्थ्य जांच शिविर, एक पेड़ माँ के नाम वृहद वृक्षारोपण अभियान, जल संरक्षण एवं अमृत सरोवरों की साफ-सफाई, नशा मुक्त भारत एवं सुपोषण अभियान तथा दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए सहायता शिविर जैसी विविध सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।कलेक्टर ने बताया कि अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर को प्रधानमंत्री जी के जन्मदिवस के अवसर पर होगा। इस दिन बेमेतरा जिले में “एक दीया आशीर्वाद का” कार्यक्रम के तहत 1.5 लाख दीयों से पूरे बेमेतरा को रोशन किया जाएगा। बेमेतरा के ऐतिहासिक बेसिक स्कूल मैदान, शिवनाथ नदी के तट, प्रमुख चौक-चौराहों, सभी शासकीय कार्यालयों, स्कूल-कॉलेजों एवं धार्मिक स्थलों पर एक साथ दीये प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री जी की जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त किया जाएगा।कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने जिले के समस्त नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, महिला स्व-सहायता समूह की दीदियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, कोटवारों, युवा मंडलों, व्यापारिक संगठनों एवं मीडिया के साथियों से भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि 17 सितंबर को शाम 7:00 बजे आप सभी अपने घरों और प्रतिष्ठानों में एक दीया आशीर्वाद के रूप में अवश्य जलाएं। यह एक दीया सिर्फ रोशनी नहीं, बल्कि विकसित भारत के हमारे सामूहिक संकल्प का प्रतीक होगा। जिला प्रशासन ने इस महाअभियान को सफल बनाने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए हैं।
