Chhattisgarh

विधायक दीपेश साहू की गरिमामयी उपस्थिति में शासकीय कन्या महाविद्यालय में युवा संवाद एवं जनभागीदारी समिति के नवनियुक्त अध्यक्ष मनोज मिश्रा का परिचय कार्यक्रम संपन्न , देखिए खास खबर…

बेमेतरा:-नगर स्थित लक्ष्मण प्रसाद वैद्य शासकीय कन्या महाविद्यालय में आज युवा संवाद कार्यक्रम एवं जनभागीदारी समिति के नवनियुक्त अध्यक्ष श्री मनोज मिश्रा का परिचय कार्यक्रम हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बेमेतरा विधायक श्री दीपेश साहू मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी, सरगुजा संभाग प्रभारी श्री होरी लाल सिन्हा, श्री युगल देवांगन सहित अन्य अतिथियों की विशेष उपस्थिति रही।कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात विधायक श्री दीपेश साहू एवं उपस्थित अतिथियों ने विधायक निधि से महाविद्यालय को प्रदत्त वाटर कूलर का फीता काटकर

लोकार्पण किया। इस सुविधा से महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं को स्वच्छ एवं शीतल पेयजल की सुविधा उपलब्ध होगी।महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. डी.आर. साहू ने स्वागत उद्बोधन देते हुए सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, छात्राओं के सर्वांगीण विकास तथा संस्थान में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देते हुए अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर महाविद्यालय की छात्राओं ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति को प्रदर्शित करते हुए शानदार सुवा नृत्य, गरबा एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। छात्राओं की मनमोहक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए और उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया।विधायक दीपेश साहू ने अपने संबोधन में कहा  कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन को बेहतर बनाने और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का सबसे सशक्त साधन है। महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्राएं हमारे समाज और प्रदेश का भविष्य हैं। उनके लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण, आवश्यक सुविधाएं एवं अवसर उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय के विकास और छात्राओं की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए हरसंभव सहयोग किया जाएगा। विधायक निधि से वाटर कूलर की व्यवस्था भी इसी दिशा में एक प्रयास है। उन्होंने नवनियुक्त अध्यक्ष मनोज मिश्रा को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में जनभागीदारी समिति महाविद्यालय के विकास और छात्राओं के हित में सक्रिय भूमिका निभाएगी।नवनियुक्त जनभागीदारी समिति अध्यक्ष मनोज मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ करेंगे। उन्होंने इस दायित्व के लिए विधायक श्री दीपेश साहू एवं सभी वरिष्ठजनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महाविद्यालय के विकास, छात्राओं की शैक्षणिक गुणवत्ता, बेहतर सुविधाओं एवं उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर कार्य करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी समिति और महाविद्यालय परिवार के आपसी समन्वय से छात्राओं के हित में सकारात्मक पहल की जाएगी।कार्यक्रम में जनभागीदारी समिति अध्यक्ष श्री मनोज मिश्रा, प्राचार्य डॉ. डी.आर. साहू, श्रीमती लक्की साहू, श्रीमती उमेश्वरी साहू, श्री रोहित साहू, श्री योगेश वर्मा, पीजी कॉलेज जनभागीदारी अध्यक्ष श्री सौरभ साहू, भीमभौरी जनभागीदारी अध्यक्ष श्री सोनू साहू, श्री रवि पप्पू वर्मा, श्री विवेक देवांगन, मेघा तिवारी श्रीमती श्वेता पावले सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।कार्यक्रम उत्साहपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button